अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत), 19 अगस्त। बली गांव स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज में मंगलवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें मंडल स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करने वाली कॉलेज की अंडर-14 और अंडर-17 बालक वर्ग की टीमों के खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
क्रीड़ा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि कॉलेज की अंडर-14 और अंडर-17 बालक वर्ग की टीमों ने 17 अगस्त को गाजियाबाद के लोनी में आयोजित मंडल स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। कॉलेज प्रबंधन ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
प्रधानाचार्य नवाब सिंह ने मंगलवार को कॉलेज पहुंचने पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों का स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि कॉलेज के खिलाड़ी इससे पहले भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई पदक जीत चुके हैं। अब कॉलेज के कई खिलाड़ियों का प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
अंडर-14 वर्ग में मयंक सिंह, अंकित, अर्बन, देवव्रत, रौनक और तनिष का प्रदेश स्तर के लिए चयन किया गया है। वहीं अंडर-17 वर्ग में भारत, शिवम, हर्ष और तनिष चयनित हुए हैं।
इस अवसर पर देवेंद्र सिंह, ब्रह्मपाल, पवन शर्मा, तनसीर अली, संजय शर्मा, रोहित कुमार और अनिल सांगवान सहित कॉलेज के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।














Leave a Reply