Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

पाकिस्तान का F-16 गिराने वाले अभिनंदन वर्धमान ने IAF छोड़ी, अब FLY91 में भरेंगे उड़ान

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान ने वायुसेना से सेवानिवृत्ति के बाद अपने करियर की नई पारी शुरू कर दी है। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 में पायलट के तौर पर ज्वाइन किया है। सूत्रों के अनुसार, अभिनंदन अगस्त 2026 में एयरलाइन से जुड़े। 

अभिनंदन वर्धमान ने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना से समयपूर्व सेवानिवृत्ति ली थी। करीब 22 वर्षों की सैन्य सेवा के बाद उन्होंने वाणिज्यिक विमानन का रुख किया है। FLY91 ने हालांकि अपने कर्मचारियों से जुड़ी निजी जानकारी पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। 

2019 में पाकिस्तान का F-16 गिराकर आए थे सुर्खियों में

अभिनंदन वर्धमान 27 फरवरी 2019 को भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई संघर्ष के दौरान उस समय सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने भारतीय वायुसेना के MiG-21 Bison से पाकिस्तानी F-16 को मार गिराया था। इसके बाद उनका विमान भी मिसाइल की चपेट में आ गया और उन्हें पैराशूट से पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र में उतरना पड़ा।

पाकिस्तान ने उन्हें करीब 60 घंटे तक हिरासत में रखने के बाद 1 मार्च 2019 को भारत को सौंप दिया था। उनके साहस और कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण के लिए उन्हें वर्ष 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। 

अब कमर्शियल पायलट के रूप में नई शुरुआत

वायुसेना से विदाई के बाद अभिनंदन अब नागरिक विमानन क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करेंगे। रिपोर्टों के अनुसार, FLY91 में उनकी ट्रेनिंग ATR 72-600 विमान के लिए हो रही है। FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू की थीं और उसके संचालन के प्रमुख केंद्र गोवा तथा हैदराबाद हैं। 

अभिनंदन वर्धमान की नई पारी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने लड़ाकू विमान के कॉकपिट से लेकर अब वाणिज्यिक विमानन तक का सफर तय किया है। 2019 की घटना के बाद देशभर में पहचान बनाने वाले अभिनंदन एक बार फिर विमानन क्षेत्र में सक्रिय भूमिका में नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *