पनवेल, महाराष्ट्र | 6 सितंबर 2026
पनवेल के युवाओं को रोजगार के साथ स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। समर्थ भारत के कौशल विकास अभियान के तहत पनवेल में नए कौशल विकास केंद्र की शुरुआत की गई है। केंद्र का उद्देश्य युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए तैयार करना है।
केंद्र में युवाओं को होम अप्लायंसेज रिपेयर एवं इंस्टॉलेशन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन महीने के प्रशिक्षण कार्यक्रम में एयर कंडीशनर (AC), टेलीविजन (TV), रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और RO जैसे घरेलू उपकरणों की सर्विसिंग, मरम्मत और इंस्टॉलेशन का व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल होगा।
नौकरी के साथ अपना काम शुरू करने पर जोर
इस पहल की खास बात यह है कि प्रशिक्षण को केवल नौकरी तक सीमित नहीं रखा गया है। युवाओं को ऐसी तकनीकी दक्षता देने पर जोर दिया जा रहा है, जिसका इस्तेमाल वे आगे चलकर अपना सर्विस सेंटर या अन्य संबंधित काम शुरू करने में कर सकें। इससे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के साथ दूसरे युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में श्री अवनीश चौधरी, CEO एवं राष्ट्रीय सह-संयोजक, समर्थ भारत सहित संगठन से जुड़े पदाधिकारी , कार्यकर्ता और गणमान्य अतिथि श्री प्रशांत ठाकुर, विधायक, पनवेल, महाराष्ट्र और श्री विक्रांत पाटिल, मेयर, पनवेल शहर, महाराष्ट्र भी कार्यक्रम में उपस्थिति रहे। इस दौरान युवाओं के कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को लेकर चर्चा हुई।
युवाओं को बाजार की जरूरत के हिसाब से मिलेगा प्रशिक्षण
अवनीश चौधरी ने कहा कि बदलते समय में युवाओं के लिए केवल पारंपरिक नौकरी पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है। यदि युवाओं के पास बाजार की जरूरत के मुताबिक तकनीकी कौशल हो तो वे नौकरी के अलावा अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सही प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से युवा न केवल अपनी आय का साधन तैयार कर सकते हैं, बल्कि आगे चलकर अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं।
कौशल से आत्मनिर्भरता की ओर कदम
समर्थ भारत का कहना है कि पनवेल का यह केंद्र युवाओं को कौशल, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के व्यापक अभियान का हिस्सा है। घरेलू उपकरणों की सर्विसिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर काम के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।
इस पहल के जरिए युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने, तकनीकी दक्षता हासिल करने और रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है।














Leave a Reply