चांदीनगर, 21 अगस्त 2026। ढिकौली गांव में पिछले तीन दिनों से एक ट्रांसफार्मर फुंका हुआ है, जिसके चलते करीब 150 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। लगातार बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों ने बिजली घर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाता, उनका धरना जारी रहेगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे ट्रांसफार्मर बदलवाने की शिकायत लेकर बिजली घर पहुंचते हैं तो उनसे कथित तौर पर तीन हजार रुपये की मांग की जाती है। इससे नाराज ग्रामीण एकजुट होकर बिजली घर पहुंचे और ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
धरने में सतपाल, प्रहलाद, अमित, अंकित, महेश, बबलू, करण, सुभाष, अभिषेक, मनीष आदि ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं जेई अजय शर्मा ने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर मंगाया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
चमरावल में खुले में रखा ट्रांसफार्मर, किसानों को हादसे का डर
उधर, चमरावल गांव के जंगल में बिजली विभाग द्वारा एक ट्रांसफार्मर जमीन पर खुले में रखकर आपूर्ति शुरू किए जाने का मामला सामने आया है। किसानों का कहना है कि खुले में रखा ट्रांसफार्मर उनके साथ-साथ पशुओं के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है।
किसान सुरेंद्र ने बताया कि करीब दो वर्षों से ट्रांसफार्मर जमीन पर खुले में रखा हुआ है। ग्रामीणों का दावा है कि इसकी चपेट में आने से कई जानवरों की मौत भी हो चुकी है। किसानों के अनुसार वे कई बार चमरावल बिजली घर पर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मामले को लेकर किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर लगाने या बदलने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में कृष्णपाल, भगत, राजकुमार, लीलू, राजू समेत कई किसान मौजूद रहे।














Leave a Reply