ग्रेटर नोएडा, 20 अगस्त 2026। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। बिलासपुर क्षेत्र में प्राधिकरण की टीम ने करीब 24 हजार वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्राधिकरण के अनुसार, मुक्त कराई गई जमीन की बाजार कीमत करीब 48 करोड़ रुपये है।
अवैध प्लॉटिंग की तैयारी पर चला बुलडोजर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि बिलासपुर क्षेत्र में कुछ कॉलोनाइजर अधिसूचित जमीन पर बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी कर रहे थे। प्राधिकरण की ओर से उन्हें नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया।
इसके बाद बुधवार को प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
खसरा संख्या 1554 पर किया जा रहा था कब्जे का प्रयास
प्राधिकरण के अनुसार, बिलासपुर स्थित खसरा संख्या 1554 की जमीन पर बाउंड्री और अन्य निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने पर परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में वर्क सर्किल-8 की टीम मौके पर पहुंची।
सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद करीब 24,000 वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
अवैध कॉलोनियों से सावधान रहने की अपील
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी तरह का निर्माण या अनधिकृत प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर जमीन और संबंधित परियोजना की पूरी जानकारी जरूर लें। उन्होंने कहा कि लोग अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लॉटिंग के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई न फंसाएं।
उन्होंने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सरकारी या प्राधिकरण की जमीन पर कब्जा करने अथवा अवैध कॉलोनी विकसित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।














Leave a Reply