बागपत। कांवड़ यात्रा एवं ऐतिहासिक श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मेले को देखते हुए विद्युत विभाग ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। ऊर्जा विभाग के विद्युत वितरण खंड द्वितीय, खेकड़ा के अंतर्गत विद्युत उपकेंद्र रटोल टाउन क्षेत्र में अवर अभियंता एवं लाइन स्टाफ को 24×7 ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
विद्युत विभाग की टीम द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग और शिविरों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान विद्युत पोलों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया तथा बरसात के मौसम को देखते हुए लीकेज करंट की संभावित स्थिति की भी जांच की गई।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विद्युत व्यवस्था की निगरानी करते हुए किसी भी संभावित समस्या को तत्काल दूर करने के लिए टीमों को सक्रिय रखा गया है। विशेष रूप से कांवड़ियों और शिवभक्तों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में बिजली से जुड़ी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
विद्युत विभाग का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए विभागीय टीम लगातार सतर्क है और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार है।
कांवड़ यात्रा और पुरा महादेव मेले के दौरान “सुरक्षित बिजली, निर्बाध सेवा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा” को विभाग ने अपनी प्राथमिकता बनाया है।














Leave a Reply