Screenshot
बागपत 13 सितंबर 2026| गाजियाबाद जिले के लोनी क्षेत्र की रहने वाली आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने बागपत में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे किनारे स्थित एक होटल के कमरे में बंधक बनाकर दो दिन तक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी, उसकी मां कौशर और दोस्त शादाब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, वह अपनी कक्षा में पढ़ने वाली एक सहेली के भाई को करीब दो साल से जानती है। आरोप है कि 28 अगस्त को सहेली के भाई ने उसे बागपत बुलाया और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रिवर पार्क के पास स्थित एक होटल में ले गया।
छात्रा ने आरोप लगाया कि होटल पहुंचने के बाद आरोपी ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि बेहोशी की हालत में उसे होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
कमरे से निकलने की कोशिश की, लेकिन लगा था ताला
पीड़िता के मुताबिक, होश में आने के बाद उसने होटल के कमरे से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन कमरे पर ताला लगा हुआ था। आरोप है कि उसे करीब दो दिन तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।
आरोपी के घर ले जाने और धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि दो दिन बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया। वहां पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी की मां कौशर और उसके दोस्त शादाब के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
इसके बाद छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। न्यायालय में दर्ज बयानों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, मामले में एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।