Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

बागपत में ईंट भट्ठा कारोबारी की सड़क हादसे में मौत, इकलौता बेटा गंभीर घायल

बागपत, 19 अगस्त। उत्तर प्रदेश के बागपत में खेकड़ा कस्बा निवासी ईंट भट्ठा कारोबारी सुनील कुमार की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनका इकलौता बेटा लविश गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना उस समय हुई, जब सुनील कुमार अपने बेटे को बाइक से दिल्ली छोड़ने जा रहे थे।

ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में मारी टक्कर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मूलरूप से मेरठ के दौराला निवासी सुनील कुमार पिछले करीब 40 वर्षों से खेकड़ा की पट्टी रामपुर में परिवार के साथ रह रहे थे। उन्होंने पहले हैंडलूम फैक्ट्री संचालित की और बाद में ईंट भट्ठे में साझेदारी कर ली थी।

उनका बेटा लविश बीसीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली के ओखला क्षेत्र में नौकरी करता है।

बताया गया कि बुधवार सुबह सुनील कुमार अपने बेटे को बाइक से पाठशाला बस स्टैंड छोड़ने गए थे। बस नहीं मिलने पर उन्होंने लविश को बाइक से ही दिल्ली छोड़ने का फैसला किया। दोनों दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से दिल्ली की ओर जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, नानू गांव स्थित एनटीपीसी के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिता-पुत्र बाइक समेत सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहियों की चपेट में आ गए।

मौके पर हुई सुनील की मौत

हादसा इतना भीषण था कि सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका बेटा लविश गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रॉनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लविश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने सुनील कुमार के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए गाजियाबाद भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *