Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

बागपत: बिजली की समस्याओं को लेकर किसान – मजदूर संगठन ने बिजलीघर पर किया हंगामा

बागपत। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर किसान मजदूर संगठन ने गुरुवार को बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताया। संगठन के जिला महासचिव गौरव ठाकुर मीटली के नेतृत्व में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने गांव मीटली स्थित बिजलीघर पर पहुंचकर विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई।

गौरव ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में कई स्थानों पर विद्युत लाइनें खराब पड़ी हैं, जिन्हें समय पर ठीक नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा ट्रांसफार्मर बदलने में भी देरी और विभागीय स्तर पर लापरवाही की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी समस्याओं के कारण ग्रामीणों और किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में रोष बढ़ रहा है।

इसी को लेकर बुधवार रात करीब 10:30 बजे से देर रात 12:30 बजे तक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मीटली बिजलीघर पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई।

संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और खराब विद्युत लाइन व ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगे भी आंदोलन किया जाएगा।

किसान मजदूर संगठन ने ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, खराब लाइनों की मरम्मत और खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदलने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *