Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 508 बेड का रोगी सहायक आवास बनेगा

गोरखपुर, 12 अगस्त : मरीजों के उपचार की सुविधाओं को मजबूत करने के साथ योगी सरकार ने उनके तीमारदारों के लिए भी अत्याधुनिक आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की है। बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज में 508 बेड की क्षमता वाला रोगी सहायक आवास भवन बनाया जाएगा, जहां मरीजों के परिजनों को अटैच्ड टॉयलेट-बाथरूम और कैंटीन समेत आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि करीब 43.69 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह बहुमंजिला भवन 5,600 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आरएमआरसी-आईसीएमआर के पीछे बनाया जाएगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम शहरी की सीएंडडीएस यूनिट-19 को पहली किश्त के रूप में पांच करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। भवन स्टिल्ट एरिया प्लस पांच मंजिल का होगा। 
प्रस्तावित भवन के स्टिल्ट क्षेत्र में पार्किंग, डाइनिंग हॉल, किचन, पैंट्री और स्टोर की व्यवस्था होगी। प्रथम और द्वितीय तल पर 56-56 बेड तथा तृतीय, चतुर्थ और पंचम तल पर 132-132 बेड की आवासीय सुविधा होगी। सभी कमरों में अटैच्ड टॉयलेट-बाथरूम होंगे। भवन में सीढ़ियों के अलावा 20 लोगों की क्षमता वाली लिफ्ट और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
सीएंडडीएस-19 के रेजिडेंट इंजीनियर संदीप कुमार चौरसिया ने बताया कि भवन निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अनुबंध गठन की कार्रवाई चल रही है। यह प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज पूर्वांचल के साथ पश्चिमी बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में मरीजों के साथ उनके परिजन आते हैं। 508 बेड का रोगी सहायक आवास बनने से तीमारदारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण में ठहरने की सुविधा मिलेगी तथा उन्हें मरीजों की देखभाल के दौरान आवास संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *