बागपत। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आस्था के पथ कांवड़ यात्रा मार्ग का हेलीकॉप्टर द्वारा सर्वेक्षण कर प्रमुख मार्गों, प्रवेश बिंदुओं, कांवड़ शिविरों और धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इस दौरान जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थल श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर सहित कांवड़ यात्रा मार्ग पर विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिवभक्त श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। आसमान से हुई पुष्पवर्षा ने कांवड़ियों में उत्साह और श्रद्धा का संचार किया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से कांवड़ यात्रा मार्ग गूंज उठा।
प्रशासन की ओर से कांवड़ियों के लिए स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश, यातायात और सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। कांवड़ शिविरों और प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर भी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।
श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बागपत में कांवड़ यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वच्छता और सुव्यवस्थित आयोजन पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।














Leave a Reply