गौतमबुद्धनगर। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपोमार्ट में India Bioenergy & Tech Expo-2026 का आयोजन 11 से 13 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिदिन करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस गौतमबुद्धनगर ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।
यातायात पुलिस के अनुसार, एक्सपोमार्ट गोलचक्कर पर यातायात का दबाव अधिक होने की स्थिति में आवश्यकता के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। गलगोटिया कट से एक्सपोमार्ट गोलचक्कर होकर आने वाले वाहन एक्सपोमार्ट गोलचक्कर से बड़ा गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर होते हुए एलजी गोलचक्कर से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों के वाहनों के लिए एक्सपोमार्ट परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग क्षमता समाप्त होने पर वाहन नासा गोलचक्कर स्थित निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े किए जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने कैम्ब्रिज कॉलेज में 200, आर्टिफिशियल कॉलेज में 100, ट्रिनिटी कॉलेज में 150 और स्टेलर जिमखाना में 40 वाहनों की पार्किंग क्षमता निर्धारित की है।
डायवर्जन के दौरान आपातकालीन वाहनों को सुगम मार्ग दिया जाएगा। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।