बागपत। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 एवं तीन दिवसीय महाशिवरात्रि मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बागपत पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। द्वितीय सोमवार के अवसर पर पुलिस अधीक्षक बागपत ने थाना बालैनी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पुरा महादेव मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और आसपास के कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का सतर्कता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस बल को भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
एसपी ने श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उनकी सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी ली। सुगम एवं सुरक्षित दर्शन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बागपत पुलिस की ओर से श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन किया गया है। मेला क्षेत्र और कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।














Leave a Reply