Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

बागपत के पुरा महादेव मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, डीएम-एसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान

बागपत 10 अगस्त : श्रावण मास के दूसरे सोमवार को उत्तर प्रदेश में बागपत के श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मेले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयकारों से गूंजता रहा। दूर-दराज से पहुंचे हजारों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर सुख-शांति की कामना की।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। पुरा महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया था। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर जलाभिषेक स्थल तक लंबी कतारें देखी गईं। महिला पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों ने बुजुर्गों व महिलाओं को पंक्ति में आगे बढ़ाने में मदद की। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद और बैठने की व्यवस्था की गई थी। परिसर के आसपास दर्जनों भंडारे और कांवड़ शिविरों में भी श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रही। मंदिर प्रबंधन के अनुसार सोमवार को करीब 40 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मेले में तैनात पुलिस बल, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कवरेज, प्रवेश-निकास द्वार और पार्किंग व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
एडीजी भानु भास्कर ने निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। महिला सुरक्षा, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड पर रखा जाए और भीड़ वाले स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की जाए।
डीएम अस्मिता लाल ने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं में कोई कमी न रखने के निर्देश दिए।
एसपी सूरज कुमार राय ने यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार और नियमित गश्त के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा और मेले के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है। मेले के सकुशल संपन्न होने तक पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *