Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

बागपत के त्रिलोक तीर्थ की अलौकिक भव्यता देख नतमस्तक हुए पूर्व मंत्री बिट्टा

बागपत 10 अगस्त : पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनिन्दरजीत सिंह बिट्टा सोमवार को उत्तर प्रदेश में बागपत के बडागांव स्थित विश्वप्रसिद्ध त्रिलोक तीर्थ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विराजमान गुरू मां दृष्टि भूषण माता जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
त्रिलोक तीर्थ की विश्वस्तरीय शिल्पकला और अलौकिक भव्यता को देखकर बिट्टा भाव-विभोर हो उठे। मंदिर की अद्भुत संरचना और सूक्ष्म कलाकृतियों को निहार कर उन्होंने कहा कि यहां दर्शन पाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मंदिर प्रबंधक त्रिलोक चंद जैन ने बिट्टा को त्रिलोक तीर्थ की स्थापना, निर्माण-यात्रा और धार्मिक महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। परिसर में जगह-जगह उकेरी गई जैन तीर्थंकरों की प्रतिमाएं और विशाल संरचना को देखकर बिट्टा ने इसे विश्व की अद्भुत कृतियों में गिनते हुए प्रबंधन की सराहना की। 
त्रिलोक तीर्थ भ्रमण के पश्चात बिट्टा श्री परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान आशुतोष का विधिवत जलाभिषेक कर देश और प्रदेश में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं और प्रबंधन में उत्साह का माहौल रहा। बिट्टा के आगमन से धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *