प्रकाशन तिथि: 28 सितंबर 2026 | Baghpat Wire
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश का राष्ट्रीय दायित्व है और प्रत्येक नागरिक को इसके लिए अपना समय निकालना चाहिए। प्रधानमंत्री ने लोगों से मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कराने का आग्रह किया।
रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने 15 अगस्त को भी देशवासियों से जनगणना में सहयोग करने की अपील की थी। उन्होंने बताया कि नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल फोन से जनगणना पोर्टल पर आवश्यक जानकारी भर सकते हैं। यह सुविधा हिंदी सहित 16 भाषाओं में उपलब्ध है।
15 से 20 मिनट में पूरी होगी प्रक्रिया
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि ऑनलाइन जनगणना की प्रक्रिया बेहद आसान है। इसमें लोगों को लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगेगा। इसके लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज अपलोड करने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने नागरिकों से se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करने की अपील की। ऑनलाइन जानकारी जमा करने के बाद लोगों को एक विशेष आईडी मिलेगी। जब जनगणनाकर्मी उनके घर पहुंचेंगे, तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी।
2.60 करोड़ से अधिक लोग भर चुके हैं ऑनलाइन जानकारी
प्रधानमंत्री ने बताया कि अब तक 2 करोड़ 60 लाख से अधिक लोग मोबाइल के माध्यम से जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे देश की वास्तविक स्थिति और भविष्य की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है। अब तक 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है।
उत्तराखंड के माणा गांव से हुई शुरुआत
प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के माणा गांव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यहां से जनगणना की शुरुआत की गई। देश के पहले गांव के रूप में चर्चित माणा में 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत की जानकारी दर्ज कर जनगणना अभियान की शुरुआत हुई।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे जनगणना में अपना योगदान दें और इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में सहयोग करें।
जनगणना 2026, नरेंद्र मोदी, मन की बात, ऑनलाइन जनगणना, Census Portal, Census India, प्रधानमंत्री मोदी
Census2026 #NarendraModi #MannKiBaat #जनगणना #OnlineCensus #India