बागपत | 15 सितंबर 2026
राजभाषा के क्षेत्र में बागपत ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गृह मंत्रालय ने देशभर में कार्यरत 592 नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों (नराकास) में बागपत नराकास को सर्वश्रेष्ठ नराकास पुरस्कार के लिए चुना है। यह सम्मान बागपत के लिए गौरव का विषय है।
मुंबई में आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में नराकास बागपत के अध्यक्ष मिन्हाजुल कमर और सचिव अभय नाथ मिश्र ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।
मुंबई में आयोजित हुआ राजभाषा सम्मेलन
14 और 15 सितंबर को मुंबई में आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय राज्यमंत्री बंदी संजय कुमार और नित्यानंद राय, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय की सचिव अंशुली आर्या सहित कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन, सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और राजभाषा संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
592 समितियों में बागपत का चयन
देशभर की 592 नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों में से बागपत नराकास का सर्वश्रेष्ठ समिति के रूप में चयन किया जाना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान राजभाषा के प्रचार-प्रसार और सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
बागपत नराकास की इस उपलब्धि से जिले के सरकारी कार्यालयों और राजभाषा से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह है।














Leave a Reply