Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

2027 चुनाव को लेकर हरिश्चंद्र भाटी का बड़ा बयान, बोले- गुर्जर समाज की भागीदारी तय करने वाली पार्टी को देंगे समर्थन

बागपत, 12 सितंबर 2026। बागपत में अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री हरिश्चंद्र भाटी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा और पिछली सरकारों ने गुर्जर समाज की अनदेखी की है। भाटी ने कहा कि 2027 के चुनाव में जो भी राजनीतिक दल सत्ता में गुर्जर समाज की भागीदारी सुनिश्चित करेगा, समाज उसी का समर्थन करेगा।

यह कार्यक्रम बागपत के टटीरी स्थित सर्वोदय स्कूल में आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के विस्तार और समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर चर्चा हुई।

सत्ता में भागीदारी तय करने वाली पार्टी को समर्थन

हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि आजादी के बाद से गुर्जर समाज को विभिन्न क्षेत्रों में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उनका दावा है कि प्रतिष्ठित संस्थानों से लेकर सत्ता में भागीदारी तक समाज को लगातार नजरअंदाज किया गया है।

उन्होंने कहा कि 2027 और 2029 के चुनाव निर्णायक होंगे। जो भी पार्टी गुर्जर समाज की सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करेगी, समाज पूरी जिम्मेदारी के साथ उसके पक्ष में चुनाव लड़ेगा। इसके लिए समाज के लोगों को अलग-अलग स्थानों पर जागरूक किया जा रहा है।

नंदकिशोर गुर्जर और हाजी सलमान विवाद पर टिप्पणी से इनकार

लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर और यूट्यूबर हाजी सलमान के बीच हुए विवाद को लेकर सवाल पूछे जाने पर हरिश्चंद्र भाटी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका निजी मामला हो सकता है और वह इस विषय पर कोई बयान नहीं देना चाहते।

मास्टर तेजपाल गुर्जर को मिली महासचिव की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के दौरान बली गांव निवासी मास्टर तेजपाल गुर्जर को महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिम्मेदारी मिलने के बाद तेजपाल गुर्जर ने कहा कि वह संगठन की ओर से दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने संगठन के विस्तार और समाज को मजबूत करने के लिए काम करने की बात कही।

हरिश्चंद्र भाटी के 2027 में राजनीतिक भागीदारी के आधार पर समर्थन वाले बयान के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

HarishchandraBhati #GurjarSamaj #GurjarMahasabha #Baghpat #BaghpatNews #UPPolitics #UPAssemblyElection2027 #GurjarPolitics #WesternUP #TejpalGurjar #UttarPradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *