Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

शामली में अंकित बालियान हत्याकांड: फरार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए 5 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम

शामली, 12 सितंबर 2026। सदर कोतवाली क्षेत्र में 26 अगस्त को हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और खाप चौधरियों में आक्रोश है। मंगलवार को अंकित के पिता सतबीर फौजी और विभिन्न खापों के चौधरियों ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से कलक्ट्रेट में मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने फरार शूटरों सत्यम और आर्यन की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन को 5 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया। तय समय में गिरफ्तारी न होने पर आगे की रणनीति तय करने की चेतावनी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ाने और उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई किए जाने की बात कही। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को पहले ही मुठभेड़ में मार गिराया गया है, जबकि सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं।

परिजनों ने परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।

नरेश टिकैत बोले- संख्या बल है, लेकिन गलत इस्तेमाल नहीं करेंगे

बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि पुलिस-प्रशासन को 5 अक्टूबर तक कार्रवाई का समय दिया गया है। खाप प्रशासन पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाना चाहती और पुलिस को कानूनी कार्रवाई के लिए खुली छूट दी गई है।

उन्होंने कहा कि खाप के पास संख्या बल है, लेकिन उसका गलत इस्तेमाल नहीं करना चाहते। उन्होंने उम्मीद जताई कि तय समय सीमा में फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

हरियाणा में कादयान खाप की पंचायत के सवाल पर नरेश टिकैत ने कहा कि खाप पंचायतें देश में एक व्यवस्था का हिस्सा हैं और केवल कुछ लोगों के इकट्ठा होने से पंचायत नहीं हो जाती। उन्होंने कादयान खाप से अपराधियों का साथ नहीं देने की अपील की।

अब पुलिस के सामने फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती है और सभी की नजरें 5 अक्टूबर की समय सीमा पर टिकी हैं।

AnkitBalyan #AnkitBalyanMurderCase #Shamli #ShamliNews #NareshTikait #Khaps #UPPolice #ShamliPolice #CrimeNews #BreakingNews #WesternUP #UttarPradesh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *