Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

कौशांबी में महिला कॉन्स्टेबल की थाने में गोली लगने से मौत

8 सितंबर 2026 | कौशांबी

कौशांबी में मंगलवार सुबह महिला थाने में ड्यूटी के दौरान 26 वर्षीय महिला कॉन्स्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कॉन्स्टेबल थाने में पहरेदारी की ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान कुर्सी पर बैठते समय अचानक उसकी राइफल का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।

गोली गले को चीरते हुए जबड़े को फाड़कर निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में घायल कॉन्स्टेबल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे कौशांबी के शहर स्थित महिला थाने में हुई।

तीन महीने पहले पूरी हुई थी ट्रेनिंग

मृतक महिला कॉन्स्टेबल की पहचान प्रियंका के रूप में बताई गई है। वह गाजीपुर के दूल्हापुर क्षेत्र के सिखरी गांव की रहने वाली थी। उसके पिता का नाम रविंद्रनाथ यादव बताया गया है।

प्रियंका ने करीब तीन महीने पहले ही अपनी पुलिस ट्रेनिंग पूरी की थी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उसकी पहली पोस्टिंग कौशांबी के महिला थाने में हुई थी। उसने जून के आखिरी सप्ताह में महिला थाने में जॉइन किया था।

घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *