Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

सैफ के तूफान में उड़ा काशी रुद्रास, लखनऊ फाल्कन्स 14 रन से जीता

लखनऊ, 25 अगस्त। मोहम्मद सैफ की 89 रन की तूफानी पारी के दम पर लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के मुकाबले में सोमवार को गत विजेता काशी रुद्रास को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 14 रन से शिकस्त दी।

यह लखनऊ फाल्कन्स की लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के साथ टीम छह मैचों में तीन जीत से छह अंक लेकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। काशी रुद्रास के भी छह अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण लखनऊ की टीम उससे आगे है।

इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ फाल्कन्स ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 174 रन बनाए। मोहम्मद सैफ ने 57 गेंदों में तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से 89 रन की शानदार पारी खेली। हिमांशु सिंह ने 22 गेंदों पर 36 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।

इसके अलावा विप्रज निगम ने 16, अजीत वर्मा ने 13 और अक्षु बाजवा ने 12 रन का योगदान दिया। काशी रुद्रास की ओर से अटल बिहारी राय ने तीन विकेट लिए, जबकि कप्तान करन शर्मा ने दो विकेट हासिल किए।

175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत खराब रही। अक्षु बाजवा ने साहब युवराज सिंह को 13, कप्तान करन शर्मा को शून्य और अभिषेक गोस्वामी को दो रन के निजी स्कोर पर आउट कर लखनऊ को शुरुआती सफलता दिलाई।

उवैस अहमद ने 29 रन बनाए, जबकि कार्तिक यादव 29 रन बनाकर नाबाद रहे। काशी रुद्रास ने 14 ओवर में पांच विकेट पर 104 रन बना लिए थे, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इसके बाद मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका।

डीएलएस पद्धति के पार स्कोर के आधार पर काशी रुद्रास निर्धारित स्कोर से 14 रन पीछे रही और लखनऊ फाल्कन्स को विजेता घोषित किया गया।

लखनऊ की ओर से अक्षु बाजवा ने दो ओवर में महज पांच रन देकर तीन विकेट झटके। मोहम्मद सैफ को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर:
लखनऊ फाल्कन्स: 20 ओवर में 7 विकेट पर 174 रन — मोहम्मद सैफ 89 (57 गेंद, 3 चौके, 7 छक्के), हिमांशु सिंह 36 (22 गेंद); अटल बिहारी राय 3/38, करन शर्मा 2/17।

काशी रुद्रास: 14 ओवर में 5 विकेट पर 104 रन — उवैस अहमद 29, कार्तिक यादव नाबाद 29, साहब युवराज सिंह 13; अक्षु बाजवा 3/5।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *