एम्सटर्डम, 24 अगस्त। एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप बेल्जियम और नीदरलैंड्स 2026 ने हॉकी की डिजिटल पहुंच के मामले में नया बेंचमार्क स्थापित किया है। टूर्नामेंट के सोशल मीडिया चैनल अब तक का अपना सबसे मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं और हॉकी को उसके मौजूदा प्रशंसक आधार से आगे नए दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं।
टूर्नामेंट के दूसरे पूल चरण के अंतिम दौर में पहुंचने के साथ ही वर्ल्ड कप से जुड़ी सामग्री को एफआईएच के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 106.4 मिलियन व्यूज़ मिल चुके हैं।
इनमें इंस्टाग्राम 66.7 मिलियन व्यूज़ के साथ सबसे आगे है। फेसबुक पर 32.6 मिलियन, टिकटॉक पर 4.5 मिलियन और यूट्यूब पर 2.65 मिलियन व्यूज़ दर्ज किए गए हैं।
एफआईएच के अनुसार, इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि केवल व्यूज़ की संख्या नहीं बल्कि नए दर्शकों तक पहुंच है। सभी प्लेटफॉर्म को मिलाकर वर्ल्ड कप कंटेंट ने 62 मिलियन से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई और 2.9 मिलियन से ज्यादा एंगेजमेंट हासिल किए हैं। इसमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जो पहले एफआईएच को फॉलो नहीं करते थे।
सिर्फ इंस्टाग्राम पर ही 11 मिलियन से अधिक नॉन-फॉलोअर्स तक वर्ल्ड कप की सामग्री पहुंची है। एफआईएच के मौजूदा फॉलोअर्स के बाहर के दर्शकों से 70.6 प्रतिशत व्यूज़ और 62 प्रतिशत इंटरैक्शन आए हैं।
टिकटॉक ने भी हॉकी को नई युवा ऑडियंस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्ल्ड कप कंटेंट को यहां 4.5 मिलियन व्यूज़ मिले और यह 3.79 मिलियन अकाउंट्स तक पहुंचा। इस प्लेटफॉर्म पर 3.78 लाख से अधिक एंगेजमेंट दर्ज हुए, जिससे 8.41 प्रतिशत का एंगेजमेंट रेट हासिल हुआ।
मेटा प्लेटफॉर्म पर वर्ल्ड कप अभियान ने अब तक 28,400 नए फॉलोअर्स जोड़े हैं। वहीं, यूट्यूब पर टूर्नामेंट से जुड़े वीडियो को 2.65 मिलियन व्यूज़ मिल चुके हैं।
एफआईएच का मानना है कि ये आंकड़े दिखाते हैं कि हॉकी की डिजिटल कम्युनिटी लगातार विस्तार कर रही है। वर्ल्ड कप के माध्यम से ज्यादा लोग हॉकी को देख रहे हैं, उससे जुड़ रहे हैं और वैश्विक हॉकी समुदाय का हिस्सा बन रहे हैं।














Leave a Reply