Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

जय शाह ने अरुण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित की

नयी दिल्ली, 24 अगस्त। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरपर्सन जय शाह ने सोमवार को दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली से मुलाकात कर पूर्व डीडीसीए अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अरुण जेटली को उनकी सातवीं पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

जय शाह ने अरुण जेटली के योगदान को याद करते हुए उन्हें दूरदर्शी नेता, कुशल राजनेता और भारतीय क्रिकेट प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस दौरान दोनों ने दिल्ली क्रिकेट के विकास में अरुण जेटली की भूमिका और राजधानी में आधुनिक क्रिकेट ढांचे की नींव मजबूत करने में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया।

यह मुलाकात दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के दौरान हुई। डीपीएल के मुकाबले इन दिनों नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे हैं। लीग को अरुण जेटली की उस सोच से जोड़कर देखा जाता है, जिसमें जमीनी स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया था।

डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने जय शाह द्वारा अरुण जेटली को श्रद्धांजलि देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “डीडीसीए स्वर्गीय अरुण जेटली के सिद्धांतों और दिल्ली में क्रिकेट के विकास से जुड़े उनके विजन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

अरुण जेटली का दिल्ली क्रिकेट के साथ लंबे समय तक जुड़ाव रहा और उनके कार्यकाल में क्रिकेट से जुड़े बुनियादी ढांचे तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया था। दिल्ली क्रिकेट में उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *