Baghpat Wire

बागपत की ताज़ा खबरें | बड़ौत, खेकड़ा, छपरौली और उत्तर प्रदेश

Baghpat News: बुढ़पुर हाल्ट पर ट्रेन पलटाने की साजिश? ट्रैक पर रखी टाइल्स, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

बागपत, 21 अगस्त 2026। दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर बुढ़पुर हाल्ट के पास एक्सप्रेस ट्रेन को पलटाने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने रेलवे ट्रैक पर इंटरलॉकिंग टाइल्स रख दीं। ट्रेन संख्या 64020 के काऊ कैचर से टाइल्स टकराने के बाद लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। समय रहते ट्रेन रुकने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार शामली रेलवे स्टेशन से एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 64020 सुबह करीब 2:40 बजे रवाना हुई थी। ट्रेन में करीब 300 यात्री सवार बताए गए हैं। ट्रेन करीब तीन बजे बुढ़पुर हाल्ट पहुंची। बुढ़पुर हाल्ट से कासिमपुर खेड़ी के लिए रवाना होते ही ट्रैक पर रखी कई इंटरलॉकिंग टाइल्स ट्रेन के काऊ कैचर से टकरा गईं।

टाइल्स के ट्रेन से टकराने का पता चलते ही लोको पायलट देव कुमार ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। उन्होंने घटना की सूचना दिल्ली में रेलवे अधिकारियों को दी। इसके बाद कासिमपुर खेड़ी स्टेशन मास्टर शशि भूषण मौके पर पहुंचे और जीआरपी तथा आरपीएफ को घटना की जानकारी दी।

ट्रैक पर मिले 20 से 25 टाइल्स के टुकड़े

सूचना मिलने के बाद आरपीएफ शामली के एसआई देशपाल, रेलवे पथ विभाग के की-मैन मीनू अली और गैंगमैन दीपक कुमार मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान ट्रैक पर करीब 20 से 25 इंटरलॉकिंग टाइल्स के टुकड़े मिले। इनमें कुछ टाइल्स टूटी हुई थीं। ट्रैक के पास भी टाइल्स के कुछ टुकड़े पड़े मिले, जो ट्रेन के काऊ कैचर से टकराने के बाद टूटे बताए गए।

घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान भी चलाया गया, लेकिन ट्रैक पर टाइल्स रखने वाले लोगों का तत्काल पता नहीं लग सका।

करीब आधे घंटे तक खड़ी रही ट्रेन

घटना के बाद एक्सप्रेस ट्रेन करीब आधे घंटे तक मौके पर खड़ी रही। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जांच और छानबीन पूरी होने के बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

रेलवे पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रैक पर टाइल्स रखने वाले लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

आरपीएफ थाना शामली के इंस्पेक्टर सोनित शर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *